टनकपुर, 30 अप्रैल। टनकपुर नगरपालिका ने दूरदर्शन विभाग से एक दशक पूर्व दी गई भूमि को वापस लेने के लिए नोटिस जारी किया है। भूमि की 10 वर्ष की लीज अवधि पूरी हो चुकी है, और अब पालिका इसे जनहित कार्यों के लिए उपयोग करना चाहती है।
इस मुद्दे को सात माह पूर्व होटल व्यवसायी व सामाजिक कार्यकर्ता अनिल सरन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री के समक्ष उठाया था। उन्होंने बताया कि 1990 के दशक में टनकपुर नगर पालिका ने दूरदर्शन केंद्र के निर्माण हेतु यह भूमि लीज पर दी थी, लेकिन वर्षों से प्रसारण केंद्र बंद पड़ा है।
नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी भूपेंद्र प्रकाश जोशी ने बताया कि कार्यालय पत्र संख्या 520(2), दिनांक 28 जनवरी 2022 के तहत दूरदर्शन बरेली कार्यालय को पत्र भेजा गया था कि भूखंड से सभी निष्प्रयोज्य वस्तुएं हटाकर भूमि वापस सौंपी जाए। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं होने से मामला ठंडे बस्ते में चला गया।
बाद में 28 अक्टूबर 2024 को अनिल अग्रवाल ने सीएम हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद ग्रेड वन अधिकारी ने केंद्रीय दूरदर्शन विभाग के अधिकारियों को भूमि वापस करने का निर्देश दिया है।
पालिका प्रशासन का कहना है कि नगर क्षेत्र का विस्तार हो रहा है, और वाहन पार्किंग व स्वच्छ भारत मिशन जैसे कार्यों हेतु भूमि की आवश्यकता है। ऐसे में यह भूखंड जनहित में उपयोगी सिद्ध हो सकता है।