सागर पांडेय चंपावत टॉपर 2025 बनकर न केवल जिले, बल्कि पूरे उत्तराखंड का नाम रोशन किया है। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की हाईस्कूल परीक्षा में सागर ने 500 में से 490 अंक प्राप्त कर 98 प्रतिशत स्कोर किया है। वह चंपावत जिले के विवेकानंद विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के छात्र हैं और इस उपलब्धि के साथ उन्होंने प्रदेश स्तर पर भी सातवां स्थान प्राप्त किया है।
चंपावत जिला इस बार हाईस्कूल परीक्षा परिणामों में भी शीर्ष पर रहा। जिले का परीक्षाफल 96.97 प्रतिशत रहा, जो कि 2024 के मुकाबले 3.69 प्रतिशत ज्यादा है। मुख्य शिक्षाधिकारी मेहरबान सिंह बिष्ट ने बताया कि कुल 2876 विद्यार्थियों में से 2789 छात्र-छात्राएं सफल रहे हैं। इससे जिले की शिक्षा व्यवस्था और छात्रों की मेहनत का स्तर स्पष्ट होता है।
सागर पांडेय की इस सफलता के साथ ही जिले के अन्य होनहार छात्र-छात्राओं ने भी शानदार प्रदर्शन किया। खेतीखान के डॉ. लक्ष्मी दत्त भट्ट इंटर कॉलेज के लोकेश कर्नाटक ने 97.60 प्रतिशत अंक हासिल कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं राजकीय हाईस्कूल फुंगर चंपावत की गीतांजलि पुजारी ने 97.20 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
सिर्फ हाईस्कूल ही नहीं, इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में भी चंपावत के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाई। इंटर में जिले का रिजल्ट 83.92 प्रतिशत रहा, जिसमें रीठाखाल के कपिल भट्ट ने 92.20 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
सागर पांडेय की सफलता इस बात का प्रतीक है कि मेहनत, लगन और सही मार्गदर्शन से हर छात्र ऊँचाइयाँ छू सकता है। चंपावत जिले के ग्रामीण इलाकों से आने वाले छात्र-छात्राओं की ये उपलब्धियाँ पूरे राज्य को प्रेरित करती हैं।
चंपावत जिले के हाईस्कूल टॉपर्स की सूची:
- सागर पांडेय, विवेकानंद विद्या मंदिर, चंपावत – 98.00%
- लोकेश कर्नाटक, डॉ. लक्ष्मी दत्त भट्ट इंटर कॉलेज, खेतीखान – 97.60%
- गीतांजलि पुजारी, राजकीय हाईस्कूल फुंगर – 97.20%
- अनुज भट्ट, जीआईसी अमोड़ी – 96.80%
- आंचल गहतोड़ी, विवेकानंद विद्यामंदिर, पाटी – 96.40%
- आयुष सिंह बोहरा, जीआईसी अमोड़ी – 96.00%
- पवन सिंह, जीआईसी अमोड़ी – 95.20%
- आशीष भट्ट, मॉर्डन इंटर कॉलेज – 94.60%
- चंदन जोशी, जीआईसी लोहाघाट – 94.60%
- राहुल शर्मा, जीआईसी पाली – 94.40%
- उषा बोरा, विवेकानंद विद्या मंदिर, बनबसा – 94.40%
- लक्षित भंडारी, विवेकानंद विद्यामंदिर, चंपावत – 94.00%