टनकपुर/चम्पावत, 1 मई। टनकपुर बाइक दुर्घटना 2025 में नगर के वार्ड नंबर 4 मछली गली में दर्दनाक हादसा हो गया। घर के बाहर खेल रहे दो मासूम बच्चे बाइक की चपेट में आ गए, जिससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल बच्चों की पहचान अनुराग कश्यप (9 वर्ष) पुत्र सोनू कश्यप और अभिषेक कश्यप (7 वर्ष) पुत्र मनोज कश्यप के रूप में हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने दोनों बच्चों को उप जिला चिकित्सालय पहुंचाया।
एक बच्चा रेफर, दूसरे का उपचार जारी
उप जिला चिकित्सालय में डॉ. ज्ञानेश्वर यादव की देखरेख में उपचार किया गया। डॉ. यादव ने बताया कि अनुराग कश्यप को सिर और पैर में चोट लगी है और उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। वहीं अभिषेक कश्यप के पैर में गंभीर चोट आने पर उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया।
अचानक सड़क पर दौड़ने से हुआ हादसा
परिजनों ने बताया कि दोनों बच्चे घर के बाहर खेल रहे थे और अचानक सड़क की ओर दौड़ गए, तभी बाइक की चपेट में आ गए। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई और परिजन घबराहट में बच्चों को तुरंत अस्पताल ले गए।